भोपाल…शादी के ठीक पहले दूल्हे की गिरफ्तारी ने एक परिवार की खुशियों को अचानक सवालों के घेरे में ला खड़ा किया। हनीट्रैप गिरोह के सरगना के रूप में आरोपी आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी को पुलिस ने हल्दी समारोह के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मेहंदी लगे हाथों और हल्दी से सजे चेहरे के साथ दुल्हन थाने पहुंची और पुलिस से गुहार लगाती रही कि उसे अपने होने वाले पति से मिलने दिया जाए या कस्टडी में ही शादी करा दी जाए।

मामला भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र का है। यहां एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि यह गिरोह लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का संचालन आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी करता था।

पुलिस को जानकारी मिली कि 12 मार्च को आकाश की शादी होने वाली है और वह लालघाटी क्षेत्र के एक मैरिज गार्डन में हल्दी की रस्म निभा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समारोह के दौरान ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन उसका रिसेप्शन भी तय था।

गिरफ्तारी के बाद दुल्हन सीमा अपने परिवार के साथ थाने पहुंची। हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में शादी की माला पहने वह पुलिस अधिकारियों से बार-बार मिलाने की गुहार लगाती रही। उसने कहा कि शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो चुकी हैं और घर में मेहमान मौजूद हैं। उसका कहना था कि यदि संभव हो तो आरोपी को कुछ समय के लिए रिहा कर दिया जाए, अन्यथा कस्टडी में ही शादी कराने की अनुमति दे दी जाए।

हालांकि पुलिस ने दुल्हन की इस मांग को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट में भी आरोपी के वकील की ओर से शादी के लिए समय देने का अनुरोध किया गया, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आकाश के नेतृत्व में चलने वाले इस गिरोह में 15 से अधिक युवक-युवतियां शामिल थे। गिरोह का तरीका बेहद शातिर बताया जा रहा है। सदस्य पहले लोगों से दोस्ती करते, फिर उन्हें जाल में फंसाकर धमकाने और बदनामी का डर दिखाकर पैसे वसूलते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।