वायरल वीडियो का आधा सच: चौक पर जाम, पुलिस एक्शन और असल कहानी कुछ और
वायरल वीडियो का सच क्या है? चौक पर जो दिखा, उससे ज्यादा छिपा है—जानिए पूरी कहानी

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर यातायात पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि 24 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे महाराणा प्रताप चौक के समीप राजीव गांधी चौक पर यातायात व्यवस्था के दौरान यह घटना हुई, जिसे भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
रामगोपाल करियारे ने बताया कि उस समय यातायात जवान भानु गवास्कर पॉइंट ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक 6 चक्का मालवाहक वाहन को तिफरा ओवरब्रिज के नीचे गलत तरीके से खड़ा कर दिया गया, जिससे बस और दोपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जाम की स्थिति को देखते हुए जवान मौके पर पहुंचकर वाहन चालक को सहजतापूर्वक वाहन साइड करने के लिए कह रहा था, ताकि मंगला चौक की ओर यातायात सुचारू हो सके। इसी दौरान वाहन चालक ने अभद्र व्यवहार किया और पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन किया।
रामगोपाल करियारे ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम का आंशिक वीडियो वायरल कर दिया गया, जिससे वास्तविक स्थिति की गलत तस्वीर सामने आई। उन्होंने बताया कि वीडियो को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो पुलिसकर्मी गलत व्यवहार कर रहे हों, जबकि वास्तविकता यह है कि जवान उस समय जाम हटाने और व्यवस्था बनाने में जुटा था।
उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार सड़क पर ड्यूटी कर रहे हैं। इस प्रकार के भ्रामक वीडियो उनके मनोबल को प्रभावित करते हैं।
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





