थाने के भीतर ही गायब हुआ माल: जब्त पिकअप से चार बोरी धान लापता, टायर बदले
थाने में निगरानी के दौरान गायब हो गया वाहन

रामानुजगंज ( पृथ्वी लाल केशरी)..कानून की निगरानी में सुरक्षित माने जाने वाले थाने परिसर से ही अब भरोसे को झटका देने वाली घटना सामने आई है। बसंतपुर थाने में खड़े जब्त पिकअप वाहन से चार बोरी धान गायब हो गई, साथ ही वाहन के दोनों टायर बदले हुए मिले। मामला सामने आते ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजस्व विभाग ने कार्रवाई के दौरान धान से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त कर थाने के सुपुर्द किया था। वाहन थाने परिसर में खड़ा रहा, जहां उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की थी। कुछ दिन बाद वाहन मालिक मुकुटधारी कलेक्टर न्यायालय से रिलीज ऑर्डर लेकर जब थाने पहुंचा, तो उसे अपनी ही गाड़ी पहचानने में झटका लगा। गाड़ी के दोनों टायर बदले जा चुके थे और उसमें रखी चार बोरी धान गायब थी।
इस स्थिति को देखकर मालिक ने वाहन लेने से साफ इनकार कर दिया। उसका कहना है कि पहले ही आर्थिक नुकसान झेल चुका है, अब और नुकसान उठाना संभव नहीं है। जब तक गायब धान और बदले गए टायर वापस नहीं मिलते, वह वाहन अपने कब्जे में नहीं लेगा।
घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—जब वाहन थाने की निगरानी में था, तो आखिर यह सब हुआ कैसे? थाने के भीतर ही सामान गायब होना सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा सवाल है। यह मामला सिर्फ एक वाहन या कुछ बोरी धान का नहीं, बल्कि उस भरोसे का है जो आम नागरिक पुलिस व्यवस्था पर करता है।





