MP News।बैतूल जिले में आयोजित संयुक्त एएनएम एसोसिएशन के जिला स्तरीय महासम्मेलन में एएनएम ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए नर्सिंग कैडर में पुनः शामिल किए जाने, ग्रेड पे बढ़ाकर 2800 रुपए करने, संविदा एएनएम का नियमित पदों पर संविलियन तथा शैक्षणिक योग्यता के आधार पर विभागीय पदोन्नति की मांग की।

महासम्मेलन में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए मिलने वाली प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) सीधे एएनएम के बैंक खातों में जमा कराने की मांग भी की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आमला विधायक डॉ. योगेश पण्डाग्रे ने एएनएम प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में एएनएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश के स्वास्थ्य सूचकांकों में हुए सुधार में एएनएम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके कार्यों की उपेक्षा नहीं की जा सकती।

महासम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई एएनएम का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, महिला मोर्चा गंज मंडल अध्यक्ष नीलम वागद्रे, संयुक्त एएनएम एसोसिएशन (संविदा एवं नियमित) की जिलाध्यक्ष अर्चना पाटिल, जिला सचिव नेहा यादव, जिला कोषाध्यक्ष दीपा सरनेकर सहित जिले के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में एएनएम उपस्थित रहीं।

सम्मेलन में संगठन ने एएनएम हितों की रक्षा तथा लंबित मांगों के निराकरण के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।