Cg news।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने शासकीय मेडिकल कॉलेज, जशपुर-कुनकुरी को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी है।

सोमवार को मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार को जारी लेटर ऑफ परमिशन के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष विश्वविद्यालय, नया रायपुर से संबद्ध मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 के प्रावधानों के अनुरूप वार्षिक 50 विद्यार्थियों के प्रवेश की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे जशपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर मिलेगा, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज का पहला शैक्षणिक सत्र इसी वर्ष प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जबकि प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए जिला चिकित्सालय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

एनएमसी ने अनुमति के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज को शिक्षकों की नियुक्ति, अस्पताल की सुविधाएं, आधारभूत संरचना, उपकरण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य निर्धारित मानकों का सतत पालन करना होगा। निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों में कमी पाए जाने पर आयोग नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जशपुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।