कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कार्यरत 1786 शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। अब वे उच्च परीक्षा और अन्य सेवा संबंधी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।

शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और संयुक्त संचालक (JD) कार्यालय ने अनुमति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से जिले के चारों विकासखंडों के सहायक शिक्षकों, प्रधान पाठकों और अन्य संवर्गों के शिक्षकों को लाभ मिलेगा।

इस मांग को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सामने शिक्षकों का पक्ष रखा था।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्रवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा और 10 सितंबर को संयुक्त संचालक डॉ. के. वेंकट राव से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों को उच्च परीक्षा और अन्य सेवा संबंधी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी। अब विभागीय अनुमति मिलने के बाद संबंधित शिक्षक इन परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 16 अक्टूबर को आदेश जारी कर 1093 सहायक शिक्षकों और प्राथमिक स्कूलों के प्रधान पाठकों को अनुमति दी है।

वहीं, संयुक्त संचालक कार्यालय, दुर्ग ने 13 और 16 अक्टूबर को जारी दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से 683 शिक्षकों को अनुमति प्रदान की है। इनमें एलबी, ई और टी संवर्ग के शिक्षक तथा मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठक शामिल हैं।

दोनों कार्यालयों से जारी आदेशों के अनुसार, कुल 1786 शिक्षकों को उच्च परीक्षा और सेवा संबंधी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति मिली है। इससे शिक्षकों को अपनी शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने और सेवा में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे।

कबीरधाम जिले के चार विकासखंडों में अनुमति पाने वाले शिक्षकों का विवरण इस प्रकार है:

  • कवर्धा: 690 शिक्षक
  • सहसपुर लोहारा: 542 शिक्षक
  • पंडरिया: 297 शिक्षक
  • बोड़ला: 257 शिक्षक