बिलासपुर। नवरात्रि के अवसर पर भूमिहीन कृषि श्रमिकों को सीधी आर्थिक राहत मिली। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत जिले के 39 से अधिक हितग्राहियों के खातों में 10-10 हजार रुपए की राशि अंतरित हुई।

जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमलाल कौशिक ने की, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर भूमिहीन श्रमिकों को दी गई यह सहायता उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 5 लाख 62 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में 10-10 हजार रुपए की राशि सीधे अंतरित की गई है। गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है, जिससे कमजोर वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे धरमलाल कौशिक ने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और भूमिहीन श्रमिकों को आर्थिक संबल मिलना सामाजिक संतुलन की दिशा में अहम कदम है। विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करती हैं और श्रमिक वर्ग को आत्मनिर्भर बनने का अवसर देती हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सहायता राशि उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की शुरुआत में योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 39,413 पात्र हितग्राहियों को इस योजना से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री के बटन दबाते ही राशि सीधे खातों में पहुंची, जिससे पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित हुआ। जिले के साथ-साथ सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतीक स्वरूप 20 श्रमिकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में भूमिहीन कृषि श्रमिक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एसएस दुबे, एसडीएम मनीष साहू, तहसीलदार प्रकाश साहू, एसएलआर यादव सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।