बिलासपुर…जिले में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कलेक्टोरेट परिसर के कक्ष क्रमांक 25 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इस कंट्रोल रूम के जरिए आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि बर्ड फ्लू जैसी संवेदनशील स्थिति में समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंट्रोल रूम का लैंडलाइन नंबर 07752-251000 जारी किया गया है। जिस पर नागरिक किसी भी संदिग्ध स्थिति, मृत पक्षियों या संबंधित जानकारी की सूचना दे सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है, ताकि हर सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का फोकस है कि किसी भी संभावित खतरे को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जाए।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें और बर्ड फ्लू से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी छुपाने के बजाय तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें। समय पर मिली सूचना ही संक्रमण को फैलने से रोकने में सबसे बड़ा हथियार साबित होगी।