बिलासपुर… सब्जी की फसल को बचाने खेत के चारों ओर की गई तारबंदी में अवैध तरीके से बिजली का करंट दौड़ाना एक महिला की जान पर भारी पड़ गया। खेत की घेराबंदी में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी की है। मामले में पुलिस ने खेत मालिक और उसके विधि से संघर्षरत नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर की दरम्यानी रात ग्राम कनेरी में यह घटना हुई। गांव के टेकराम सोनी के कब्जे वाले सब्जी के खेत में जीआई तार से घेराबंदी की गई थी। इस तारबंदी में झटका मशीन के जरिए अवैध रूप से बिजली कनेक्शन जोड़कर करंट प्रवाहित किया जा रहा था। आरोप है कि टेकराम के बेटे ने बिजली का करंट चालू कर छोड़ दिया था। इसी दौरान महिला ने खेत की घेराबंदी में लगे तार को हाथ से छू लिया। करंट का झटका इतना घातक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की रिपोर्ट पर चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान खेत मालिक टेकराम सोनी (46) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने अपने विधि से संघर्षरत बेटे के साथ घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 3(5) और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी टेकराम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।