बिलासपुर…साथ खिंचाए गए निजी फोटो को ब्लैकमेलिंग का हथियार बनाकर दो लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर एक युवती ने युवक से ऑनलाइन और नकद दो लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद भी रकम की मांग जारी रही। परेशान युवक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, खपरगंज निवासी 28 वर्षीय युवक ने 18 नवंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप है कि वर्ष 2025 में 20 वर्षीय प्राची कश्यप उसकी दुकान में काम करने आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत होने लगी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों ने साथ में कुछ फोटो खिंचवाए थे। आरोप है कि इन्हीं तस्वीरों को दूसरे लोगों के बीच प्रसारित कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देकर युवती ने युवक से रकम मांगनी शुरू कर दी।

युवक का आरोप है कि फोटो और वीडियो वायरल करने के साथ ही उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। लोकलाज के भय से उसने दो लाख रुपये ऑनलाइन और नकद दे दिए। इसके बावजूद युवती की मांग बंद नहीं हुई। वह बार-बार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांग रही थी। इतना ही नहीं, रकम नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी भी दे रही थी।

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान युवक ने आखिरकार पुलिस की शरण ली। शिकायत पर सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्राची कश्यप (20), निवासी लोफंदी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।