बिलासपुर…शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर हाथ-मुक्कों के साथ ईंट के टुकड़े से सिर और नाक पर हमला कर दिया। सदर बाजार के पास हुई इस घटना में 52 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गोंडपारा निवासी सुभाष सराफ (52) ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे कोरोना चौक के पास सदर बाजार में सैफुल हक ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। सुभाष ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी भड़क गया। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी दौरान पास में पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाकर सुभाष के सिर और नाक पर वार कर दिया।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सदर बाजार में घेराबंदी कर आरोपी सैफुल हक निवासी सदर बाजार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।