सूरजपुर | विशेष रिपोर्ट… सूरजपुर जिले से सामने आई यह तस्वीर सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं है, बल्कि यह उस व्यवस्था का आईना है जो जिम्मेदारी की कुर्सी पर बैठकर भी आंखें मूंदे हुए है। कुमली वॉटरफॉल जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर स्थित वन विभाग के सरकारी रेस्ट हाउस में जिस तरह से शराब पार्टी और अश्लील डांस का आयोजन हुआ, उसने शासन-प्रशासन की नैतिकता और निगरानी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

सरकारी भवन की चारदीवारी के भीतर बार बालाओं के ठुमकों पर जाम छलकते रहे और यह तमाशा मोबाइल कैमरों में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सवाल यह नहीं कि वीडियो पुराना है या नया, सवाल यह है कि सरकारी संपत्ति का ऐसा दुरुपयोग संभव कैसे हुआ और जिम्मेदारों की निगाह वहां तक क्यों नहीं पहुंची।

वन विभाग के जिन कंधों पर जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक धरोहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग के रेस्ट हाउस में नियमों की खुलेआम हत्या होती रही। यह घटना न केवल विभागीय अनुशासन की पोल खोलती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि निगरानी व्यवस्था कागजों तक सीमित होकर रह गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस शर्मनाक हरकत से पर्यटन स्थल की छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है और यह क्षेत्र गलत कारणों से चर्चा में आ गया है।

सबसे गंभीर सवाल विभाग की चुप्पी को लेकर खड़ा हो रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो के सामने आने के बाद भी वन विभाग की ओर से न कोई स्पष्टीकरण आया और न ही किसी जांच की घोषणा की गई। यह खामोशी अब संदेह को जन्म दे रही है। क्या दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है या फिर यह मान लिया गया है कि सरकारी भवनों में इस तरह की गतिविधियां अब सामान्य हो चुकी हैं।

जनता में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग पूछ रहे हैं कि जब सरकारी रेस्ट हाउस ही ऐय्याशी का अड्डा बन जाएंगे तो कानून और व्यवस्था की बात किस मुंह से की जाएगी। हाल ही में गरियाबंद जिले में ऐसे ही एक मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाए थे, ऐसे में सूरजपुर प्रशासन से भी उसी तरह की कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

जब सरकारी संपत्ति पर अश्लीलता खुलेआम परोसी जाए और जिम्मेदार विभाग मौन साध ले, तो यह साफ संकेत है कि व्यवस्था की जड़ें कमजोर हो चुकी हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह चुप्पी कब टूटती है और दोषियों तक कानून का शिकंजा कब पहुंचता है।