बिलासपुर… जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अनुकंपा नियुक्ति के दो लंबित प्रकरणों पर आगे की कार्रवाई से पहले दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। बैंक प्रबंधन ने संबंधित आवेदकों के नामों की सूची जारी कर आम लोगों और संबंधित पक्षों से सात दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज कराने को कहा है।

जारी सूची में स्वर्गीय प्रजेश सिंह चंदेल की पत्नी रंजिता सिंह, निवासी कोसा, तहसील पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा और स्वर्गीय जितेंद्र पांडेय के पुत्र विवेक पांडेय, निवासी जोरापारा, सरकंडा, बिलासपुर के नाम शामिल हैं। दोनों ने बैंक में अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया है।

बैंक की स्टाफ उप समिति की 6 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, यदि किसी आवेदक या उसके आश्रित परिवार के सदस्य के खिलाफ आपराधिक अथवा न्यायालयीन मामला लंबित है, परिवार का कोई सदस्य शासकीय सेवा में है या नियुक्ति को लेकर कोई अन्य आपत्ति है, तो निर्धारित समय में इसकी जानकारी दी जा सकती है।

दावा-आपत्ति लिखित रूप में बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी या जिले में स्थित बैंक के नोडल कार्यालय में प्रस्तुत की जा सकती है। इसके अलावा estb@jskmbilaspur.bank.in पर ई-मेल अथवा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, नेहरू चौक, बिलासपुर, पिन कोड 495001 के पते पर भी जानकारी भेजी जा सकती है।

निर्धारित सात दिनों की अवधि में प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। इसके बाद दोनों प्रकरणों में अनुकंपा नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।