बिलासपुर… दगौरी शराब भट्ठी से शराब की खेप लेकर निकले दो लोगों को बिल्हा पुलिस ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। स्कूटी में सवार आरोपियों के पास से 60 पाव देशी प्लेन और 30 पाव देशी मसाला शराब, कुल 16.200 लीटर शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक सीजी 10 सीडी 4775 भी जब्त कर ली। मामले में 25 वर्षीय राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी कब्जे में लिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई। बिल्हा पुलिस की सिविल टीम ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क कर अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दगौरी शराब भट्ठी से दो लोग बड़ी मात्रा में शराब लेकर स्कूटी से निकल रहे हैं। पीछे बैठे व्यक्ति के पास काले रंग का बैग होने की सूचना भी पुलिस को मिली थी।

सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर स्कूटी रोक ली। तलाशी लेने पर पीछे बैठे अपचारी बालक के काले बैग से 60 नग देशी प्लेन शराब मिली, जबकि स्कूटी की डिक्की से 30 नग देशी मसाला शराब बरामद हुई। कुल 90 पाव शराब की मात्रा 16.200 लीटर निकली।

पुलिस ने शराब और स्कूटी जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि अपचारी बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

बिल्हा पुलिस की यह कार्रवाई केवल मुखबिर सूचना तक सीमित नहीं रही। पुलिस टीम ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बीट भ्रमण और जनसंपर्क कर रही है, जिससे अवैध शराब की बिक्री और परिवहन से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंच रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ऐसे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, करण राज बघेल तथा आरक्षक संतोष मरकाम और संजय निर्मलकर की भूमिका रही।