बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में कांग्रेस नेता चीटू ठाकुर के पुत्र संस्कार ठाकुर (25 वर्ष) ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। संस्कार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह के भतीजे भी बताए जा रहे हैं। एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में घटी इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संस्कार ठाकुर ने अपने घर में ही कनपटी पर पिस्टल रखकर गोली चला ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घरवालों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

हालांकि आत्महत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन परिजनों और परिचितों के अनुसार संस्कार पिछले कुछ समय से मेडिकल से जुड़े काम को लेकर तनाव में चल रहा था। यह तनाव ही उसके इस कदम के पीछे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक और सामाजिक वर्गों में इस हादसे को लेकर गहरा दुःख और स्तब्धता है। संस्कार की मौत ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि एक बार फिर यह सवाल भी खड़ा किया है कि युवाओं में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को समाज किस तरह समय रहते पहचान और संभाल पाए।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।