Chhattisgarh Weather Update/छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

Chhattisgarh Weather Update/पिछले 3–4 दिनों से ठंड में हल्की कमी भी दर्ज की गई है। राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि हुई है। हालांकि, राहत थोड़े समय के लिए ही रहने वाली है, क्योंकि तीन दिन बाद ठंड दोबारा तेज होगी और कई इलाकों में शीतलहर की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में शीतलहर चल सकती है, जिससे हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है। रायगढ़ में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है।

Chhattisgarh Weather Update/मैदानी इलाकों में इस समय दुर्ग सबसे ठंडा जिला है। यहां न्यूनतम तापमान पिछले दिनों 10°C था, जो अब बढ़कर 13.6°C हो गया है। वहीं राजधानी रायपुर में भी तापमान 13°C से बढ़कर 16°C के करीब पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान 31.2°C रायपुर में और सबसे कम 09.9°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

चार दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6°C तक गिर गया था, जो नवंबर में पिछले दस वर्षों का रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर था।

ठंड से राहत देने के लिए रायगढ़ नगर निगम ने शहर में नौ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। इनमें मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल, ऑटो पार्किंग क्षेत्र, बस स्टैंड और अन्य व्यस्त स्थान शामिल हैं। वहीं ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों—जैसे लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़—में तापमान शहरों की तुलना में अधिक गिर रहा है।

इन इलाकों में लोग शाम होते ही घरों में दुबकने लगे हैं और अलाव का सहारा ले रहे हैं।

नवंबर माह के मौसम इतिहास की बात करें तो यह महीना कभी कड़ाके की ठंड तो कभी असामान्य गर्मी और बारिश का भी गवाह रहा है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 2 नवंबर 1935 को अब तक का उच्चतम तापमान 35.6°C और 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम 8.3°C दर्ज किया गया था, जिसे नवंबर की सबसे ठंडी रात माना जाता है।