Chhattisgarh Education: रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शिक्षा सत्र 2025-26 की अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान एक विवादित प्रश्न पत्र ने तूल पकड़ लिया है।

कक्षा चौथी के अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में एक ऐसा विकल्प दिया गया जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगा और मामला तूल पकड़ते ही शासन ने कड़ी कार्रवाई की है। इस लापरवाही के लिए एक प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया है, वहीं पेपर मॉडरेटर की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह पूरा विवाद एक बहुविकल्पीय प्रश्न से शुरू हुआ जिसमें पूछा गया था कि “मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” इस प्रश्न के उत्तर के लिए दिए गए चार विकल्पों में ‘शेरू’ के साथ ‘राम’ का नाम भी शामिल किया गया था।

हिंदू धर्म में ‘राम’ को आराध्य देव माना जाता है, ऐसे में उन्हें एक जानवर के नाम के विकल्प के तौर पर पेश किए जाने से अभिभावकों और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) हिमांशु भारतीय ने तुरंत हस्तक्षेप किया और घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया।

जांच कमेटी की रिपोर्ट में प्रश्न पत्र तैयार करने वाली शिक्षिका शिखा सोनी, जो शासकीय प्राथमिक शाला नकटी (खपरी), तिल्दा में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं, को मुख्य रूप से दोषी पाया गया।

रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि प्रश्न पत्र निर्माण के दौरान भारी लापरवाही बरती गई और धार्मिक संवेदनाओं का ध्यान नहीं रखा गया। इसके आधार पर प्रशासन ने शिखा सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, पेपर की समीक्षा करने वाली मॉडरेटर नम्रता वर्मा, जो शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में सहायक शिक्षक (संविदा) के रूप में पदस्थ थीं, को उनके पद से पृथक करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जांच में पाया गया कि मॉडरेटर ने प्रश्न पत्र की जांच के दौरान इस गंभीर त्रुटि को नजरअंदाज किया।

प्रशासनिक लापरवाही के इस मामले में उच्च अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। अनुभवी शिक्षकों का चयन न करने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) तिल्दा और सही मॉडरेटर नियुक्त न कर पाने के लिए शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस और चेतावनी पत्र जारी किया गया है।