Cg weather।छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। बारिश का दौर थमने के बाद अब प्रदेश में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है।

रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह-शाम ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम में बदलाव का असर सबसे ज्यादा सुबह और रात के समय देखने को मिलेगा। सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और देर रात सफर करने वालों को हल्की ठंड महसूस हो सकती है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी का असर बना रह सकता है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस होगा।

रायपुर में 31 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है।

आने वाले दिनों में बढ़ेगा सर्दी का असर

अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम के इस बदलाव के साथ लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी।