रायपुर। छत्तीसगढ़ में चर्चित पटवारी–आरआई पेपर लीक मामले में EOW  ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रायपुर लाया, जिन्हें आज विशेष न्यायालय में पेश किया गया।

कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पकड़े गए आरोपियों का नाम वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव है। दोनों आरोपी सगे भाई है और ग्राम घना की गड़िया, थाना उमरी, जिला भिण्ड, मध्य प्रदेश के रहने वाले है।

आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दण्ड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468, 471 तथा 120-बी के तहत मामला दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण हेतु चयनित करने के लिए 7 जनवरी 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी।

जिसके परिणामों के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। परीक्षा में हुई अनियमितताओं की शिकायत और राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के उच्च-स्तरीय जांच प्रतिवेदन के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने इस प्रकरण की जांच EOW-ACB को सौंपी थी।

जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक की साजिश रची थी।

आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हुए परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक किया और अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया, जिसके एवज में भारी-भरकम रुपए की वसूली भी की गई थी।

गिरफ्तारी से एक दिन पूर्व यानी 15 नवंबर को कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई गई। इसमें परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने दोनों आरोपियों की पहचान की थी।

अपराध में संलिप्तता के प्रमाण मिलने के बाद EOW ने दोनों को गिरफ्तार किया। EOW के द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जाँच कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम 

वीर सिंह जाटव, पिता स्व. नाथूराम जाटव, आयु 35 वर्ष

आरोपी अरविंद जाटव, पिता स्व. नाथूराम जाटव, आयु 41 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम घना की गड़िया,थाना उमरी, जिला भिण्ड (म.प्र.)