Cg news।दीपावली से ठीक एक दिन पहले शनिवार दोपहर एसईसीएल बिश्रामपुर की बंद पड़ी ओसीएम खदान में दर्दनाक हादसा हो गया।

यहां कथित तौर पर बिजली केबल काटने के प्रयास के दौरान 20 वर्षीय युवक 11 केवी के चालू बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवनंदनपुर निवासी आर्यन बरई उर्फ पोकीया के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच आर्यन बंद पड़ी ओसीएम खदान के सब स्टेशन के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह प्लास लेकर बिजली केबल काटने के उद्देश्य से खंभे पर चढ़ा था।

इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 11 केवी के चालू बिजली तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि युवक के साथ कुछ अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे। वे भी कथित तौर पर केबल काटने के लिए पहुंचे थे, लेकिन हादसे के बाद वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसईसीएल प्रबंधन को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

दिनदहाड़े केबल चोरी के प्रयास ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

बिश्रामपुर क्षेत्र में कबाड़ चोरी की घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई हैं। पहले जहां केबल चोरी की वारदातें रात के अंधेरे में सामने आती थीं, वहीं अब दिनदहाड़े बिजली के खंभे पर चढ़कर केबल काटने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस घटना ने एसईसीएल की बंद पड़ी ओसीएम खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।