Cg news।छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस का संक्रमण फिर से सिर उठाने लगा है। राज्य में अब तीसरा कोविड पॉजिटिव मामला सामने आया है, जो दुर्ग जिले के एक निजी अस्पताल से जुड़ा है। चिंता की बात यह है कि संक्रमित मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, जिससे स्थानीय स्तर पर संक्रमण फैलने की आशंका गहराने लगी है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्ग निवासी एक मरीज रुटीन इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचा था। उसे सर्दी और खांसी की शिकायत थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने एहतियातन उसका कोरोना टेस्ट कराया।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों सतर्क हो गए हैं।

यह छत्तीसगढ़ में अब तक का तीसरा केस है। इससे पहले रायपुर में दो कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। तीनों मामलों को देखकर साफ है कि कोविड संक्रमण राज्य में फिर से सक्रिय हो रहा है, और लोगों को सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है।

बिना यात्रा इतिहास वाले मरीज में संक्रमण की पुष्टि होना इस बात की ओर इशारा करता है कि वायरस का स्थानीय ट्रांसमिशन संभव है। विशेषज्ञों की मानें तो यह स्थिति भविष्य में केस बढ़ने का संकेत दे सकती है।

अब जरूरत है कि लोग मास्क का इस्तेमाल फिर से शुरू करें, भीड़भाड़ से बचें और कोविड से जुड़ी गाइडलाइंस का पालन करें। यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती गई तो आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ सकती है।