सरगुजा। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसका मेडिकल चेकअप कराने के बाद कोर्ट में पेश किया।

बता दें, सोशल मीडिया पर पर बलात्कार पीडि़ता की पहचान उजागर करने, उसकी निजता भंग करने और कथित रूप से अश्लील व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद अंसारी व अन्य के खिलाफ 4 अक्टूबर की रात बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया था।

शहर के गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा ने कोतवाली थाने में शिकायत कर आरोप लगाया था, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो व अकील अहमद अंसारी समेत अन्य संबंधित सोशल मीडिया चैनल संचालकों ने एक पीडि़ता की परिस्थिति का अनुचित लाभ उठाते हुए उसकी पहचान और निजता उजागर की।

शिकायत में अश्लील एवं गाली-गलौज वाली सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पीडि़ता का साक्षात्कार लेते समय उसके निजी अंगों से जुड़े आपत्तिजनक और अमर्यादित सवाल पूछे गए तथा इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया।

शिकायत में इसे पीडि़ता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया गया है। इसके अलावा आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार गाली-गलौज और भडक़ाऊ सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।

कोतवाली पुलिस ने बुधवार को दोपहर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। आकांक्षा टोप्पो के अलावा भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ भी बलात्कार पीडि़ता के चरित्र पर लांछन लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

आकांक्षा टोप्पो की रिपोर्ट पर 4 अक्टूबर को भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।