Cg news: पूजा पाठ से मां को ठीक करने का झांसा देकर 13 लाख की ठगी, पुलिस ने सरोना से पकड़े शातिर ठग

Cg news।दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अंधविश्वास का सहारा लेकर एक व्यापारी से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
Cg news।छावनी थाना क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी निवासी एक व्यापारी को उसकी बीमार मां को ‘देवी साधना’ और विशेष पूजा-पाठ से ठीक करने का लालच देकर ठगों ने 8 लाख रुपये नकद और 5 लाख के सोने के कंगन पार कर दिए।
दुर्ग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा कर दो आरोपियों को रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे 8 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब पीड़ित संजय अठवानी की दुकान पर दो व्यक्ति साइकिल देखने के बहाने पहुंचे।
बातचीत के दौरान आरोपियों ने झांसा दिया कि वे आध्यात्मिक शक्ति से उसकी मां की पुरानी बीमारी को जड़ से खत्म कर सकते हैं।
भरोसा जीतने के लिए उन्होंने शुरुआत में मात्र 1100 रुपये और एक नारियल की मांग की। इसके बाद, तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर उन्होंने संजय को घर के मंदिर में 8 लाख रुपये और सोने के कंगन रखने को कहा।
साजिश के तहत आरोपियों ने पीड़ित को पावर हाउस रेलवे स्टेशन बुलाया और पूजा के नाम पर पूरी संपत्ति लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए। जब शाम तक आरोपी वापस नहीं आए और उनके मोबाइल बंद मिले, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
शिकायत मिलते ही दुर्ग पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में एक महिला सहित तीन संदेही ऑटो रिक्शा में बैठकर रायपुर की ओर भागते दिखे।
पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए रायपुर के सरोना स्थित एक ठिकाने पर दबिश दी, जहां से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट निवासी बाबूलाल और एक बुजुर्ग महिला को हिरासत में लिया गया। इनके पास से ठगी के 8 लाख रुपये बरामद हो गए हैं। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना शंकर 5 लाख के सोने के कंगन लेकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।





