Kanker Paddy Procurement Scam: SDM ने दो पटवारियों को किया निलंबित, बिना जांच के टोकन सत्यापन का आरोप
अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने नोडल अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को दरकिनार कर बिना भौतिक सत्यापन किए ही धान के टोकन सत्यापित कर दिए।

Kanker Paddy Procurement Scam।पखांजूर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई है।
Kanker Paddy Procurement Scam।पखांजूर एसडीएम (SDM) ने कर्तव्य निर्वहन में कोताही और नियमों के उल्लंघन के आरोप में दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इन अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने नोडल अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को दरकिनार कर बिना भौतिक सत्यापन किए ही धान के टोकन सत्यापित कर दिए।
निलंबन की यह कार्रवाई चारगांव और उदनपुर धान खरीदी केंद्रों पर की गई है। पखांजूर एसडीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबित अधिकारियों ने न केवल कार्यस्थल पर जाने की जहमत नहीं उठाई, बल्कि अपनी आधिकारिक लॉगिन आईडी (ID) भी अन्य व्यक्तियों को सौंप दी थी।
- आशीष पवार: हल्का पटवारी (नंबर 03, चारगांव) – इन्हें चारगांव केंद्र की जिम्मेदारी दी गई थी।
- आकाश कश्यप: हल्का पटवारी (नंबर 06, केसेकोड़ी) – इन्हें उदनपुर केंद्र का नोडल अधिकारी बनाया गया था।
जांच में पाया गया कि इन अधिकारियों ने खरीदी केंद्रों पर बिना जाए अन्य लोगों के माध्यम से गलत प्रविष्टियां कराईं। इसके अलावा, समिति में रखे पुराने बोरों के स्टॉक की तस्वीरें अपलोड कर दी गईं, ताकि रिकॉर्ड में सब कुछ सही नजर आए।
प्रशासन ने इस कृत्य को ‘सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965’ और ‘धान खरीदी नीति 2025-26’ के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन माना है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धान खरीदी का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक नियुक्तियां कर दी हैं:
- चारगांव केंद्र: पटवारी सतीश कुमार को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- उदनपुर/केसेकोड़ी: पटवारी अशोक कुमार दीपक को जिम्मेदारी दी गई है।





