CG NEWS:दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में  हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की आधिकारिक वेबसाइट को हैक किए जाने की खबर सामने आई  है। खबर के मुताबिक सोमवार देर रात किसी अज्ञात हैकर ने युनिवर्सिटी  की वेबसाइट पर अटैक किया। हैकर्स ने वेबसाइट की टैगलाइन पर अभद्र शब्दों के साथ भारत-पाकिस्तान सीमा पर हमले की धमकी भी लिखी है ।
 हैकिंग के बाद यूनिवर्सिटी की टैगलाइन की जगह हैकर्स ने एक आपत्तिजनक संदेश लिखा, जिसमें कहा गया था: “अगर अगली बार तुमने हमारे बॉर्डर पर हमला किया तो नहीं होगा ठीक।” इस संदेश में कई अभद्र शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया था। हैकर्स द्वारा भारत-पाकिस्तान सीमा पर हमले का जिक्र करने के कारण यह आशंका जताई जा रही है कि इस साइबर हमले के पीछे पाकिस्तानी हैकर्स का हाथ हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान समर्थित हैकर्स पहले भी भारत की कई सरकारी वेबसाइटों को निशाना बना चुके हैं, और इस मामले में भी शुरुआती लक्षण उसी ओर इशारा कर रहे हैं ।
 राहत की बात यह रही कि हैकर्स वेबसाइट के अंदर किसी भी प्रकार की डेटा चोरी या तकनीकी छेड़छाड़ नहीं कर सके। विश्वविद्यालय के आईटी विभाग ने तुरंत वेबसाइट को डाउन कर साइबर टीम को सूचना दी। साइबर एक्सपर्ट्स ने सर्वर को सुरक्षित करते हुए हैकर्स की लोकेशन और सोर्स का पता लगाने का काम शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना को लेकर दुर्ग साइबर क्राइम सेल को लिखित शिकायत दी है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह एक अंतर्राष्ट्रीय साइबर हमला हो सकता है।
जाहिर सी बात है कि  वेबसाइट हैकिंग की खबर फैलते ही विश्वविद्यालय के छात्रों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी साझा की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि छात्रों और सार्वजनिक डोमेन का कोई भी डेटा प्रभावित नहीं हुआ है, और जल्द ही वेबसाइट को फिर से सामान्य कर लिया जाएगा।