CG News/बिलासपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका से जुड़ी शिकायत का निराकरण करने के लिए फोन करना सीपत की अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव के लिए विवाद का कारण बन गया। आरोप है कि शिकायतकर्ता ने फोन पर उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की और विरोध करने पर दोबारा कॉल कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अतिरिक्त तहसीलदार ने मामले की शिकायत सीपत थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने बातचीत की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपी है।

प्रकृति ध्रुव सीपत तहसील कार्यालय में अतिरिक्त तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं।

शिकायत के अनुसार, 30 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका के लिए किए गए आवेदन से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत का निराकरण करने के लिए उन्होंने आवेदक साहेब लाल रात्रे से फोन पर संपर्क किया।

आरोप है कि बातचीत के दौरान साहेब लाल रात्रे ने आवेश में आकर अतिरिक्त तहसीलदार के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रकृति ध्रुव ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद वह कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। इसके बाद अधिकारी ने फोन काट दिया।

कुछ देर बाद शिकायतकर्ता ने फिर कॉल किया और दोबारा गाली-गलौज की।

अतिरिक्त तहसीलदार ने अपनी शिकायत में बताया है कि जिस समय फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा था, उस दौरान नायब तहसीलदार पूनम कनौजे भी उनके पास बैठी थीं और उन्होंने बातचीत सुनी। घटना के बाद प्रकृति ध्रुव ने इसकी जानकारी तहसीलदार प्रकाश साहू को दी।

अधिकारी ने शिकायत के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को उपलब्ध कराई है। उनका आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज और अभद्रता कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।