Bastar Fighters Recruitment/रायपुर। बस्तर फाइटर्स में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में स्थानीय निवासी पात्र युवाओं के लिए 383 पदों पर भर्ती निकाली गई है। आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होकर 12 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र जमा कर इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

Bastar Fighters Recruitment/छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग की 31 अगस्त को जारी अधिसूचना के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स) फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती नियम, 2026 के अंतर्गत यह भर्ती की जा रही है। इसके तहत नारायणपुर जिले के स्थानीय निवासी पात्र युवाओं को रिक्त पदों पर चयन का अवसर मिलेगा।

जिले के लिए निर्धारित कुल 383 पदों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 268 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 53 पद, अनारक्षित वर्ग के लिए 42 पद और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 20 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती में शासन के आरक्षण संबंधी प्रावधान और दिशा-निर्देश लागू होंगे।

भर्ती के लिए आवेदन 2 नवंबर 2026 से जमा किए जा सकेंगे।

Bastar Fighters Recruitment/ आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी कार्यालयीन दिवसों में निर्धारित समय के दौरान अपना आवेदन कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला नारायणपुर में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), छोटेडोंगर और कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), बेनूर में भी आवेदन जमा करने की सुविधा दी गई है।

जो अभ्यर्थी स्वयं आवेदन जमा नहीं कर सकते, वे पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं। इसके लिए आवेदन पत्र कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला नारायणपुर, छत्तीसगढ़, पिन कोड 494661 के पते पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजना होगा।

भर्ती के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी जिले के सभी थाना एवं चौकी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in और नारायणपुर पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट narayanpur.cgpolice.gov.in से भी भर्ती संबंधी जानकारी और आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं।

Bastar Fighters Recruitment/नारायणपुर पुलिस के अनुसार, भर्ती में शासन द्वारा निर्धारित आरक्षण संबंधी नियम लागू होंगे। रिक्त पदों की संख्या और वेतनमान में शासन तथा पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशों के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। पुलिस ने जिले के पात्र स्थानीय युवाओं से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती के सभी दिशा-निर्देशों और पात्रता शर्तों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें तथा अंतिम तारीख से पहले अपना आवेदन जमा करें।