अंबिकापुर।छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में नेशनल हाईवे-43 पर बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। रेणुकूट (उत्तर प्रदेश) से औद्योगिक केमिकल लेकर विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) जा रहे एक ट्रक में बेलकोटा गांव के पास अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रक में लदा केमिकल भी जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 15 FJ 4994 बीती शाम बतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलकोटा गांव के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे लगाया और तुरंत बाहर कूद गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक में औद्योगिक केमिकल लोड होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इस घटना में ट्रक और उसमें रखा पूरा केमिकल जलकर नष्ट हो गया। इससे ट्रांसपोर्टर को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ट्रक में आग लगने के कारण नेशनल हाईवे-43 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, अंबिकापुर से पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद पुलिस ने जले हुए वाहन के मलबे को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।