मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-3 के कंटेस्टेंट अरमान मलिक की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। पटियाला कोर्ट ने उनके खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया है।

यह मामला उनकी पहली शादी से जुड़ा है, जिसमें उन पर आरोप है कि उन्होंने एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से शादी की थी। इस घटना ने एक बार फिर अरमान मलिक को कानूनी पचड़े में डाल दिया है, जिन पर पहले से ही तीन से चार शादियां करने और लव जिहाद के आरोप लग चुके थे।

अधिवक्ता देवेंद्र राजपूत ने आईएएनएस को बताया कि यह मामला अरमान मलिक की पहली शादी से संबंधित है। आरोप है कि शादी के समय लड़की नाबालिग थी। इतना ही नहीं, उस नाबालिग लड़की ने दो बच्चों को भी जन्म दिया।

इसी वजह से अरमान मलिक पर रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।

अधिवक्ता ने बताया कि जज ने सभी सबूतों की जांच करने के बाद अरमान मलिक के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। यह मामला अब फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा, जिससे इसकी सुनवाई में तेज़ी आएगी।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, सिर्फ अरमान मलिक ही नहीं, बल्कि उनकी दोनों बहनों, भाई, भाभी और पत्नियों पर भी केस दर्ज किया गया है। अधिवक्ता देवेंद्र राजपूत के अनुसार, इन सभी लोगों को इस अपराध में बराबर का हिस्सेदार माना गया है क्योंकि उन्होंने जानबूझकर इस नाबालिग लड़की से शादी करवाई।

अधिवक्ता देवेंद्र राजपूत ने अरमान मलिक पर पहले भी दो और मामले दर्ज करवाए थे। उन मामलों में भी अरमान और उनकी दोनों पत्नियों को 2 सितंबर को पटियाला कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया गया था। इन कानूनी झमेलों के बाद अरमान मलिक की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालांकि, अभी तक इन सभी आदेशों पर अरमान मलिक या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।