गाजियाबाद… 14 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले ने सभी को दहला दिया है। खोड़ा थाना क्षेत्र से लापता बच्चे की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है और सनसनीखेज खुलासा किया है कि इस वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं बल्कि बच्चे के ही चचेरे भाई ने दिया था।

आरोपी युवराज उर्फ यश प्रजापति, जो केबिन क्रू का काम करता है और क्रिप्टो करेंसी में इन्वेस्टमेंट का शौक रखता है, अपने चाचा मनबीर से तीन लाख रुपये उधार ले चुका था। रकम लौटाने की जगह उसने मुनाफा कमाने के लिए इसे क्रिप्टो प्लेटफॉर्म में झोंक दिया। इसी बीच जब चाचा ने सिर्फ 50 हजार रुपये वापस मांगे तो रुपये चुकाने से बचने के लिए उसने खौफनाक साजिश रच डाली।

16 सितंबर की रात आरोपी यश ने अपने चचेरे भाई लक्ष्य को फिल्म दिखाने के बहाने घर से बाहर बुलाया और दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पहले उसका गला दबाया, फिर ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद मासूम का शव वहीं फेंक दिया और खुद वी3एस मॉल जाकर फिल्म देखने के बाद घर लौटा और परिवार के साथ मिलकर बच्चे को खोजने का नाटक करता रहा।

खोड़ा पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर की मदद से सच्चाई सामने आ गई। बच्चे को आखिरी बार आरोपी के साथ देखा गया था। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।