रायपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन 15 नवंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष निमंत्रण पर वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पहुंचेंगे, जहां आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

इस आयोजन में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी उपस्थित रहेंगी। राष्ट्रीय प्रमुख बनने के बाद उनके पहले आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का न्योता स्वीकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया था। इस पर उन्होंने अपनी सहमति दे दी है। 15 नवंबर को वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पहुंचेंगे और जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और उलगुलान का ऐतिहासिक महत्व
यह दिन हर साल 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के रूप में मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने 2021 में इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के तौर पर मनाने की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी वीरों के योगदान को नमन करना और जनजातीय संस्कृति, परंपरा व ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण करना है।

भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय स्वाभिमान की गाथा
भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और ‘जल, जंगल, जमीन’ की रक्षा के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक ‘उलगुलान’का शंखनाद किया था। उन्होंने न केवल अंग्रेजी शासन की चूले हिला दीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज को एकजुट कर स्वतंत्रता संग्राम में एक नई चेतना फूंकी।

‘जनजातीय गौरव दिवस’ का यह पावन अवसर भगवान बिरसा मुंडा समेत देश के उन तमाम जनजातीय वीरों के अदम्य साहस, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को नमन करने और उनकी गौरवगाथा को याद करने का है।