शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: अटैचमेंट खत्म, शिक्षक लौटेंगे अपनी मूल पदस्थापना पर
गैर-शैक्षणिक कामों में लगे शिक्षक लौटेंगे स्कूल, डीपीआई का निर्देश

रायपुर… छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बड़ा प्रशासनिक निर्णय सामने आया है। वर्षों से अटैचमेंट के नाम पर कार्यालयों और अन्य संस्थानों में तैनात शिक्षक अब अपने मूल पदस्थापना स्थल पर लौटेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट निर्देश जारी कर प्रदेशभर में गैर-शैक्षणिक कार्यों में संलग्न शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों का संलग्नीकरण तत्काल समाप्त करने को कहा है।
शासन ने इस कदम को शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और स्कूलों में शिक्षक उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निर्णायक पहल बताया है। लंबे समय से यह शिकायत मिल रही थी कि कई शिक्षक अपनी मूल शाला से हटकर अन्य दफ्तरों में काम कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
संयुक्त संचालक और डीईओ को स्पष्ट आदेश
डीपीआई ने सभी संयुक्त संचालक (शिक्षा संभाग) और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिया है कि ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कर तत्काल प्रभाव से अटैचमेंट समाप्त करें। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक संवर्ग का मूल दायित्व शिक्षण कार्य है और उन्हें स्कूलों में ही सेवाएं देनी चाहिए।
विभाग ने संकेत दिया है कि अब स्कूलों में रिक्त पदों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठेंगे। शिक्षा सत्र के बीच लिए गए इस फैसले को प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन स्थापित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।





