होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ की सौगात…28 को बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दबाएंगे बटन..किसानों की बल्ले- बल्ले
10 हजार करोड़ का ‘एक क्लिक’: होली से पहले किसानों के खातों में पहुंचेगी अंतर राशि

बिलासपुर.. होली से ठीक पहले प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी आर्थिक राहत का ऐलान तय हो गया है। 28 फरवरी को बिलासपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय धान की अंतर राशि के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रकम सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
सरकार इस बार किश्तों की बजाय एकमुश्त भुगतान की रणनीति पर आगे बढ़ी है। पहले अंतर राशि चरणबद्ध तरीके से जारी होती रही, लेकिन इस बार एक साथ राशि जारी करने का फैसला लिया गया है। इससे प्रदेश भर के किसानों को तुरंत आर्थिक संबल मिलेगा। अंतर राशि ट्रांसफर के लिए बिल्हा स्थित रहंगी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों समेत राज्य के करीब पच्चीस लाख से अधिक किसानों को अंतर राशि का अंतरण करेंगे। इसमें बिलासपुर जिले के किसानों को 494 करोड़ की बोनस राशि दी जाएगी।
को बोनस राशि प्रदान करेंगे।बिलासपुर बनेगा राजनीतिक केंद्र
कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर में होगा, जहां प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री और दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री मंच से सांकेतिक रूप से बटन दबाकर पूरे प्रदेश के किसानों के खातों में राशि स्थानांतरित करेंगे। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रम को लेकर समन्वय बैठकों का दौर शुरू हो चुका है।
प्रतिबद्धता पर सरकार की मुहर
यह अंतर राशि धान खरीदी के वादे से जुड़ी है, जिसे राज्य सरकार हर वर्ष देने का ऐलान करती रही है। इस बार 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का संकेत दिया है।
4 मार्च को होलिका दहन है। उससे तीन-चार दिन पहले किसानों के खातों में यह रकम पहुंचने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सीधा प्रवाह बढ़ेगा। बाजार में मांग तेज होगी और त्योहार से पहले किसानों के हाथ मजबूत होंगे।
प्रदेश की नजर अब 28 फरवरी पर टिकी है, जब बिलासपुर से एक क्लिक के साथ हजारों करोड़ रुपये किसानों के खातों में पहुंचेंगे।





