बिलासपुर…छत्तीसगढ़ की स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना एक बार फिर विवादों में है। बिलासपुर में संचालित स्वामी आत्मानंद स्कूल के नर्सरी सेक्शन को बंद कर दिए जाने से करीब 200 मासूम बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। कारण बताया जा रहा है कि नर्सरी में पढ़ाने वाले 8 शिक्षकों के वेतन की व्यवस्था नहीं हो सकी, जिसके चलते कक्षाएं बंद करनी पड़ीं।

मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार केवल 8 शिक्षकों का वेतन नहीं दे सकती, तो यह उसकी प्राथमिकताओं पर बड़ा सवाल है। मात्र 200 बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में सरकार असफल रही और बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया गया।

शैलेष पांडेय ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार शुरू से ही स्वामी आत्मानंद योजना से सहज नहीं रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना कांग्रेस शासन की सबसे लोकप्रिय योजनाओं में शामिल रही, जिसके माध्यम से हजारों गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा मिली। ऐसे बच्चे, जिनके माता-पिता निजी स्कूलों की फीस वहन नहीं कर सकते थे, उनके लिए यह योजना मील का पत्थर साबित हुई थी।

पूर्व विधायक ने कहा कि नर्सरी जैसे संवेदनशील स्तर पर पढ़ाई बंद करना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि सरकार की कभी भी यह मंशा नहीं रही कि स्वामी आत्मानंद योजना को सुचारु रूप से चलाया जाए, इसलिए सबसे कमजोर कड़ी यानी छोटे बच्चों को इसका दंड दिया गया।

उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर विकल्प मौजूद होने की बात भी कही। शैलेष पांडेय के अनुसार यदि डीएमएफ फंड के नियमों में बदलाव हुआ था, तो संविदा मद या वह राशि जो हर वर्ष लैप्स हो जाती है, उससे शिक्षकों के वेतन का भुगतान किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि सरकार के पास रास्ते थे, लेकिन इच्छाशक्ति का अभाव दिखा।

इस पूरे मामले में बिलासपुर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। शैलेष पांडेय ने कहा कि प्रशासन को चाहिए था कि वह सरकार से संवाद कर किसी वैकल्पिक मद से भुगतान सुनिश्चित करता, ताकि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा बाधित न हो। प्रारंभिक शिक्षा में रुकावट बच्चों के मानसिक और शैक्षणिक विकास पर गहरा प्रभाव डालती है।

 मुद्दे पर केंद्रीय राज्य मंत्री तुखन साहू से भी बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को होने वाली दिशा समिति की बैठक में इस विषय को गंभीरता से उठाया जाएगा। बैठक के दौरान कलेक्टर से यह जानकारी ली जाएगी कि शिक्षकों को क्यों हटाया गया, इससे बच्चों की शिक्षा पर क्या प्रभाव पड़ा है, अब तक शिक्षकों का भुगतान किस मद से होता था और आगे भुगतान की क्या व्यवस्था की जा सकती है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह मामला बच्चों की शिक्षा से जुड़ा है और इसे हल्के में नहीं लिया जाएगा। दिशा बैठक में प्रशासन से पूरी जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

शैलेष पांडेय ने सरकार से मांग की है कि बंद किए गए नर्सरी सेक्शन को तत्काल पुनः चालू किया जाए और शिक्षकों के वेतन की स्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद करना किसी समस्या का समाधान नहीं है और बीजेपी सरकार पहले भी इसी तरह स्कूल बंद करने का रास्ता अपनाती रही है।

फिलहाल स्वामी आत्मानंद स्कूल के नर्सरी बच्चों का भविष्य अधर में है और अब सभी की निगाहें 13 जनवरी को होने वाली दिशा समिति की बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि इन मासूम बच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू होगी या नहीं।