बिलासपुर…तारबाहर थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने रायपुर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय युवक ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 की शाम नाबालिग घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से जानकारी मिली कि नाबालिग को रायपुर में एक किराये के मकान में रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रायपुर रवाना हुई और वहां से नाबालिग को बरामद कर लिया।

पुलिस ने मौके से आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष, निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।