बिलासपुर…सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभट्ठी में घर के भीतर महिला से कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से उसके गांव में मौजूद होने की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 27 जून को सीपत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ग्राम उच्चभट्ठी निवासी संदीप कुमार सूर्यवंशी पर घर के अंदर घुसकर जबरदस्ती हाथ और बांह पकड़ने का आरोप लगाया गया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

मामले में आरोपी घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदीप कुमार सूर्यवंशी को हिरासत में लिया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सीपत पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।