रामानुजगंज…( पृथ्वी लाल केशरी) छत्तीसगढ़ शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए रामानुजगंज-बलरामपुर जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डी.एन. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर से जारी किया गया।

आदेश में कहा गया है कि 2025-26 में निःशुल्क गणवेश वितरण योजना के तहत 158244 छात्रों के लिए 316488 गणवेश प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 238066 गणवेश का वितरण किया गया। शेष गणवेश बड़े पैमाने पर बच गए।

अनियमितता और शासन को संभावित हानि

आदेश के अनुसार, मिश्रा द्वारा छात्रों की संख्या में त्रुटिपूर्ण आंकड़े दिए जाने और पूर्व वर्षों के बचे हुए गणवेश का समायोजन न करने से यह स्थिति बनी। शासन को आशंका है कि रखरखाव के अभाव में अतिरिक्त गणवेश अनुपयोगी हो सकते हैं, जिससे सरकारी व्यय व्यर्थ जाएगा।

गंभीर कदाचार माना गया

शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन बताते हुए गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता करार दिया है। इसी आधार पर स्कूल शिक्षा विभाग ने मिश्रा को निलंबित किया।

अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया

निलंबन अवधि में मिश्रा का मुख्यालय सरगुजा संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय, अंबिकापुर नियत किया गया है। सूरजपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को रामानुजगंज-बलरामपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डी एन मिश्रा को निलंबन काल में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।