रायपुर। रायपुर में अपहरण की अपवाहों के बीच सेन्ट्रल जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने सेन्ट्रल जोन से लापता 50 में से 39 गुमशुदा लोगों को ढूंढ निकाला। साथ ही उनके परिजनों से मिलवाया।

पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल ज़ोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर जोन के थाना क्षेत्र से लापता व्यक्तियों की तलाशी के लिए अभियान चलाया गया। एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा 30 अक्टूबर तक कुल 50 प्रकरणों में से 39 लापता व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया। शेष 11 व्यक्तियों की भी तलाश जारी है।

पूर्व में गुमशुदगी के इन मामलों को एक साथ कई लोगों के अपहरण की घटनाओं से जोड़कर भ्रामक करने वाली जानकारी सामने आई थी। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पहले भी अपील जारी कर स्थिति स्पष्ट की गई थी। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर 22 मई 2026 के गुमशुदगी की सूचनाओं पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर तलाश व जांच की कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि सूचनाओं पर पूर्व में गुम इंसान प्रकरण दर्ज किया जाता था, उनमें अब एफआईआर दर्ज करना निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा है। पुलिस के मुताबिक एफआईआर दर्ज होने मात्र से अपहरण अथवा अन्य अपराध होना प्रमाणित नहीं होता।

थानावार स्थिति की जानकारी

थाना कोतवाली में दर्ज 5 प्रकरणों में 04, थाना गोलबाजार में 04 प्रकरणों में 03, थाना मौदहापारा में 12 प्रकरणों में 11, थाना गंज में 07 प्रकरणों में 04, थाना सिविल लाइन में 10 प्रकरणों में 06, थाना तेलीबांधा में 08 प्रकरणों में 07 तथा थाना देवेंद्र नगर में दर्ज सभी 04 प्रकरणों में लापता व्यक्तियों को खोजकर परिजनों से मिलवाया गया है। इस प्रकार कुल 50 प्रकरणों/लापता व्यक्तियों में से 39 व्यक्ति मिल चुके हैं।

लापता होने के अलग-अलग कारण

अब तक मिल चुके व्यक्तियों से पूछताछ एवं प्रकरणों की जांच में उनके लापता होने के अलग-अलग व्यक्तिगत व पारिवारिक कारण सामने आए हैं। इनमें काम की तलाश में बाहर चले जाना, परिवार से नाराज होकर घर छोड़ना, मानसिक अस्वस्थता के कारण परिवार से बिछड़ जाना तथा प्रेम संबंध के चलते घर से चले जाना एवं विवाह कर लेना जैसी परिस्थितियां भी शामिल हैं। कुछ व्यक्ति नवरात्रि के दौरान परिजनों को बिना बताए डोंगरगढ़ दर्शन के लिए चले गए थे जिनके परिजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शेष लापता व्यक्तियों की तलाश जारी

मिल चुके सभी 39 व्यक्तियों के बयान एवं अब तक की जांच में किसी के साथ अपराध व किसी प्रकार की घटना होना नहीं पाया गया है। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश भी जारी है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि अपुष्ट सूचनाओं से भ्रमित न हों और तथ्यों की पुष्टि के बिना उन्हें साझा न करें।