कोटा-अचानकमार-केंवची मार्ग को मिली नई रफ्तार — 32 करोड़ से बदलेगी 57 किमी सड़क की तस्वीर
कोटा-अचानकमार-केंवची मार्ग के उन्नयन के लिए 32 करोड़ 34 लाख रुपए की निविदा को मंजूरी

- बिलासपुर.. क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए राज्य शासन ने कोटा-अचानकमार-केंवची मार्ग के उन्नयन के लिए 32 करोड़ 34 लाख रुपए की निविदा को मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत कुल 57.60 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य अनुबंधित समयावधि में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही किए जाएं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पेंड्रा संभाग के कार्यपालन अभियंता को कार्य के निष्पादन और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कार्य को किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट नहीं किया जाएगा और न ही इसके लिए पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य होगी।
इस सड़क के उन्नयन से न केवल क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।





