वायरल वीडियो बना सबूत — कोटा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़
भारी मात्रा में शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर.. पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोटा पुलिस ने एक वायरल वीडियो को आधार बनाकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दिनांक 12 मई 2026 को ग्राम पडावपारा स्थित संतोषी मंदिर के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच प्रारंभ की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
रेड के दौरान पडावपारा स्थित संतोषी मंदिर के पास आरोपी शांति लाल जाधव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से देशी प्लेन शराब की 56 शीशियां बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 10 लीटर 80 एमएल और अनुमानित कीमत 4480 रुपये पाई गई। साथ ही बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जप्त किए गए।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।





