आचार संहिता का असर: सुशासन तिहार के शिविरों में बदलाव, कुछ वार्ड और पंचायतें बाहर

बिलासपुर… नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की आहट के साथ लागू हुई आदर्श आचार संहिता का असर अब सुशासन तिहार पर भी दिखाई देने लगा है। जिला प्रशासन ने जन समस्या निवारण शिविरों के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए कुछ वार्डों और ग्राम पंचायतों को इससे अलग कर दिया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, जिन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है, वहां प्रस्तावित शिविर अब आयोजित नहीं किए जाएंगे। इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना है।
नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 04 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 में 2 जून 2026 को एल-2 दुर्गा पंडाल के पास प्रस्तावित शिविर को निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह ग्राम पंचायत उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी शिविरों के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार गतोरा, रिस्दा, गिधपुरी-ओखर, करगीखुर्द, केवटाडीह (भू.), कलारतराई और रानीसागर पंचायत क्षेत्रों को फिलहाल सुशासन तिहार के शिविरों से मुक्त रखा गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह से आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और आम नागरिकों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।





