LIVE UPDATE
Chhattisgarh

एग्रीस्टैक पर किसान पंजीयन अनिवार्य,पंजीयन नहीं तो योजनाओं से वंचित रहेंगे किसान

मुंगेली। किसानों के हित में डिजिटल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एग्रीस्टैक में किसान पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के अंतर्गत एग्रीस्टैक परियोजना के जरिए देशभर में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से किसानों की भूमि और पहचान से संबंधित समग्र डाटा तैयार किया जाएगा।

इसी कड़ी में जिले में किसान पंजीयन का कार्य ग्राम स्तर पर लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। यह कार्य राजस्व एवं कृषि विभाग के समन्वय से संचालित हो रहा है।

परियोजना के तहत प्रत्येक कृषक का फार्मर लैंड आईडी एवं फार्मर आईडी तैयार किया जा रहा है, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सके।

जिन किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन नहीं होगा, वे पीएम किसान सम्मान निधि, धान विक्रय, खाद-बीज वितरण सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

पंजीयन प्रक्रिया को सरल और व्यापक बनाने के लिए जिले में पंचायत एवं समिति स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इन शिविरों के माध्यम से मैदानी अमला गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर उन्हें पंजीयन के लिए प्रेरित कर रहा है और लोक सेवा केंद्रों तक लाकर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

Back to top button
close