LIVE UPDATE
Bilaspur

4C अपग्रेड फाइलों में कैद?” बिलासा देवी एयरपोर्ट पर 500 करोड़ की योजना अटकी, 1 साल से रुके कामों पर बड़ा सवाल

1500 से 2885 मीटर का सपना अधूरा: बिलासा एयरपोर्ट विकास अटका

बिलासपुर:… बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के 4C श्रेणी में उन्नयन को लेकर राज्य सरकार की धीमी रफ्तार पर अब सवाल तेज हो गए हैं। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्य और हाईकोर्ट अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि लगातार वादों के बावजूद अब तक 4C अपग्रेड से जुड़ा कोई भी काम स्वीकृत नहीं हुआ है, जबकि पहले से स्वीकृत परियोजनाएं भी एक साल से लंबित हैं।

सुदीप श्रीवास्तव के अनुसार, एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे की री-कारपेटिंग के लिए 12 करोड़ रुपये और लगभग 400 एकड़ जमीन पर बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये पिछले वर्ष ही स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन दोनों काम अब तक शुरू नहीं हुए। उन्होंने कहा कि यह स्थिति परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय के कब्जे वाली 290 एकड़ जमीन का विधिवत हस्तांतरण करीब दो सप्ताह पहले हो चुका है, लेकिन अभी तक सीमांकन की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई। प्रस्ताव के अनुसार, रनवे की लंबाई को मौजूदा लगभग 1500 मीटर से बढ़ाकर पहले 2200 मीटर और बाद में 2885 मीटर तक किया जाना है, ताकि बड़े विमान—जैसे बोइंग और एयरबस—यहां उतर सकें।

संघर्ष समिति का कहना है कि इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत नए टर्मिनल भवन और एटीसी टावर का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसकी कुल अनुमानित लागत करीब 500 करोड़ रुपये है। समिति ने तर्क दिया कि राज्य के लगभग 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले यह राशि बहुत कम है, इसके बावजूद स्वीकृति और क्रियान्वयन में रुचि नहीं दिखाई दे रही।

सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा स्थिति यह संकेत देती है कि प्रशासनिक स्तर पर बिलासपुर एयरपोर्ट के तेज विकास को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। उन्होंने मांग की कि 4C श्रेणी में उन्नयन के लिए एक स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना घोषित की जाए और सभी लंबित कार्यों को तत्काल गति दी जाए।

इधर, इन मांगों को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना लगातार जारी है। धरने में सर्वश्री रवि बनर्जी, बद्री यादव, अनिल गुलहरे, विभूति भूषण गौतम, ऋषि राज सिंह गौतम, शिरीष कश्यप, संतोष पीपलवा, केशव गोरख, देवेंद्र सिंह ठाकुर, महेश दुबे, टाटा अमर बजाज, प्रतीक तिवारी, प्रकाश बहरानी, साबर अली, मोहसिन अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित कई सदस्य शामिल रहे। समिति ने स्पष्ट किया है कि ठोस कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close