बिश्रामपुर में भव्य स्वागत, एटक के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा का पहला आगमन ऐतिहासिक बना

सूरजपुर/बिश्रामपुर : (मनीष जायसवाल) छत्तीसगढ़ राज्य एटक के छठवें राज्य सम्मेलन में कामरेड अजय विश्वकर्मा को सर्वसम्मति से राज्य अध्यक्ष निर्वाचित किए जाने के बाद उनके प्रथम बिश्रामपुर आगमन पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कामरेड पंकज गर्ग के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया..।
स्वागत के दौरान कार एवं मोटरसाइकिलों की विशाल रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गो से गुजरते हुए एटक कार्यालय पहुंची। इस दौरान रैली में शामिल कार्यकर्ताओं का जोश और संगठन के प्रति समर्पण का नजारा दिखाई दिया।
एटक कार्यालय पहुंचने पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का. अजय विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखते करते हुए कहा कि संगठित क्षेत्र के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पीड़ित एवं शोषित श्रमिकों की स्थिति आज भी चिंताजनक है, जिसके लिए संगठित और व्यापक संघर्ष की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि श्रमिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे कार्य के घंटे, उचित वेतन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए चार श्रम संहिता (लेबर कोड) विधेयकों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनसे मजदूर वर्ग के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी। श्रम कानूनों में बदलाव, निजीकरण, ठेका प्रथा का विस्तार और रोजगार की असुरक्षा जैसे मुद्दे आने वाले समय में और गंभीर रूप ले सकते हैं।
अंत में का. अजय विश्वकर्मा ने इस भव्य स्वागत एवं सफल रैली आयोजन के लिए एटक के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।





