बिलासपुर…यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने जिले में संचालित सभी ऑटो और टैक्सी वाहनों के डिजिटल पंजीकरण का अभियान शुरू किया है। पुलिस ने वाहन चालकों, आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पुलिस सहयोगी इकाइयों से अपील की है कि वे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

ऑटो-टैक्सी को मिलेगी यूनिक डिजिटल पहचान

अभियान के तहत डीजल, पेट्रोल, बैटरी/इलेक्ट्रिक ऑटो और टैक्सी कारों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। चालक QR कोड स्कैन कर अपने वाहन का डिजिटल पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रत्येक वाहन को यूनिक आईडी और QR कोड प्रदान किया जाएगा, जिससे उसकी डिजिटल पहचान सुनिश्चित होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, डिजिटल पंजीकरण से यात्रियों को ऑटो और टैक्सी की पहचान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों के सुरक्षित सफर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।

असहज चालकों की करें मदद

पुलिस ने विशेष रूप से उन ऑटो और टैक्सी चालकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने की अपील की है, जो एंड्रॉयड फोन चलाने में असहज महसूस करते हैं या डिजिटल प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं। आम नागरिक, यातायात पुलिस और पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी ऐसे चालकों को QR कोड के माध्यम से पंजीकरण कराने में सहयोग कर सकते हैं।

प्रबुद्ध नागरिकों, नागरिक एवं सामाजिक संगठनों, युवा और छात्र संगठनों, पुलिस सहयोगी इकाइयों, ऑटो डीलर एजेंसियों तथा पूर्व-पंजीकृत चालकों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया गया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सहायता और सामूहिक सहयोग से जिले के प्रत्येक ऑटो और टैक्सी का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी

बिलासपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान का QR कोड अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी चालक पंजीकरण से वंचित न रहे। पुलिस के मुताबिक हर वाहन की डिजिटल पहचान यात्रियों के भरोसे को मजबूत करने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी।