बिलासपुर… जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में सीपत और रतनपुर थाना क्षेत्रों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सीपत पुलिस ने मोटरसाइकिल से देशी शराब ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ा, जबकि रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक घर में दबिश देकर 8.185 किलोग्राम गांजा बरामद किया। दोनों मामलों में जब्त सामग्री और वाहनों सहित अन्य सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में ये कार्रवाई की गई।

बाइक पर ले जा रहा था शराब

सीपत। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मटियारी निवासी कमल प्रकाश शिकारी मोटरसाइकिल से देशी प्लेन शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर सीपत-जांजी मार्ग पर काली मंदिर के आगे मुख्य सड़क के किनारे दबिश दी गई। इस दौरान कमल प्रकाश को मोटरसाइकिल पर शराब ले जाते पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 एजे 3068 भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

घर में रखा था गांजा, 4लाख का माल जब्त

रतनपुर पुलिस को 15 अक्टूबर को सूचना मिली कि ग्राम जाली निवासी भंवर सिंह नेताम अपने चाचा के घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान करीब 8 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी का वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया। गांजे और मोबाइल सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रतनपुर में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व वाली टीम के साथ प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर और आकाश डोंगरे सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह व प्रमोद सिंह तथा आरक्षक रविशंकर यादव, प्रेम सूर्यवंशी, महेत्तर कश्यप और मुकेश भी शामिल रहे। पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।