रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर एक मामला चर्चा में है। संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर की जांच रिपोर्ट और सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर की ओर से निलंबन की अनुशंसा किए जाने के बावजूद संबंधित प्राचार्य एल.पी. पटेल के खिलाफ राज्य शासन ने निलंबन जैसी कार्रवाई नहीं की।

शासन ने उन्हें भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने की चेतावनी देकर प्रकरण समाप्त कर दिया और दूसरे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ कर दिया।

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के बाद विभागीय कार्रवाई और जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामला पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सारंगढ़ के तत्कालीन प्राचार्य एल.पी. पटेल से जुड़ा है।

स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, प्राचार्य एल.पी. पटेल के खिलाफ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

इन शिकायतों की जांच संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय, शिक्षा संभाग रायपुर के सहायक संचालक आदित्य चांडक ने की थी। जांच के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन में कहा गया कि प्राचार्य की ओर से बार-बार अनुशासनहीनता की गई और पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर ने भी राज्य शासन को प्रस्ताव भेजकर एल.पी. पटेल को निलंबित करने की अनुशंसा की थी।

जांच प्रतिवेदन में प्राचार्य के आचरण को स्वेच्छाचारिता बताते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा गया था।

इसी आधार पर कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की अनुशंसा की थी।

ऐसे में विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, राज्य शासन ने जांच और अनुशंसा के बाद अलग निर्णय लिया।

स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव की ओर से जारी आदेश में एल.पी. पटेल के मामले को आंशिक लापरवाही मानते हुए भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होने की चेतावनी दी गई है। आदेश के अनुसार, चेतावनी देकर प्रकरण समाप्त कर दिया गया है।

इसके साथ ही एल.पी. पटेल को प्रतिनियुक्ति पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, चन्द्रपुर, विकासखंड डभरा, जिला सक्ती में पदस्थ किया गया है।

वहीं, उनके स्थान पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े देवगांव, जिला रायगढ़ के प्राचार्य जनक राम पटेल को प्रतिनियुक्ति पर लेकर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सारंगढ़ का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

जिला प्रशासन और संभागीय जांच अधिकारियों की ओर से गंभीर कदाचार का उल्लेख करते हुए निलंबन की अनुशंसा किए जाने के बाद भी राज्य शासन ने केवल चेतावनी देकर मामला समाप्त कर दिया।

इसके बाद एल.पी. पटेल को दूसरे महत्वपूर्ण स्वामी आत्मानंद विद्यालय में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किए जाने को लेकर शिक्षा जगत में चर्चा हो रही है।