बिलासपुर…साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सुरक्षा प्रहरी कार्यक्रम के पहले बैच के 33 प्रशिक्षुओं ने एक महीने का बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। 16 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चले प्रशिक्षण का समापन गुरुवार को इंदिरा विहार स्थित मानव संसाधन संस्थान में हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को कंपनी की नीतियों और नियमों के साथ सुरक्षा प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक और मानसिक दक्षता से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को उनके दायित्वों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है, ताकि वे सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों में सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ काम कर सकें।

समापन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा, “वर्दी कोई सामान्य वस्त्र नहीं, आपकी पहचान है, आपके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।” उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता और निर्णय लेते समय विवेक बनाए रखने को कहा।

प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को समारोह में पुरस्कृत भी किया गया। एसईसीएल में सुरक्षा प्रहरी कार्यक्रम के तहत यह पहला बैच है, जिसने निर्धारित बुनियादी प्रशिक्षण पूरा किया है। कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था में इन प्रहरियों की भूमिका को देखते हुए प्रशिक्षण में सुरक्षा प्रक्रियाओं और अनुशासन पर जोर दिया गया।

समापन समारोह में महाप्रबंधक मानव संसाधन/सुरक्षा सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति सहित अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य सहयोगी मौजूद रहे।