Da hike।कवर्धा। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2017 से जुलाई 2026 तक के लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स एवं महंगाई भत्ते का भुगतान केंद्र सरकार के समान देय तिथि से किए जाने की मांग को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के दुर्ग संभाग प्रभारी एवं संभाग अध्यक्ष विनोद गुप्ता तथा कबीरधाम जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात कर कर्मचारियों एवं शिक्षकों की इस महत्वपूर्ण मांग पर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने तथा आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि जनवरी 2017 से जुलाई 2026 तक कुल 99 माह का महंगाई भत्ता एरियर्स लंबित है। इसमें वर्ष 2017 से 10 माह, जनवरी 2018 से 12 माह, जुलाई 2018 से 8 माह, जनवरी 2019 से 7 माह, जुलाई 2021 से 10 माह, जुलाई 2023 से 8 माह, जनवरी 2024 से 9 माह, जुलाई 2024 से 8 माह, जनवरी 2025 से 8 माह, जुलाई 2025 से 7 माह, जनवरी 2026 से 10 माह तथा जुलाई 2026 से अब तक 4 माह का एरियर्स शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल की मांगों एवं ज्ञापन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार से चर्चा करने तथा कर्मचारियों एवं शिक्षकों के हित में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

शिक्षक संघ ने मांग की कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं शिक्षकों को लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स का भुगतान किया जाए तथा भविष्य में भी केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ते का लाभ प्रदान किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स उनके आर्थिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

इसलिए छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ कर्मचारियों के हित में इस मांग को लेकर लगातार प्रयासरत है। जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के कबीरधाम जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा ने बताया कि इस अवसर पर लतीफ हुसैन कुरैशी, ननक धुर्वे, प्रमोद धुर्वे, छत्रपाल तिवारी, नेपाल सिंह धुर्वे, रामबिलास गजराज, छोटेलाल पाटिल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।