आंधी तूफान से शहर के कई स्थानों पर गिरे पेड़,सफाई और पानी की आपूर्ति में जुटी रही निगम की टीम

बिलासपुर- मंगलवार की रात अचानक मौसम बिगड़ने से आए आंधी-तूफान ने शहर के कई हिस्सों में जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। शहर के अलग-अलग स्थानों में पेड़ गिर गए और कहीं कहीं पेड़ की टहनियां टूटकर लटक गए थे।
सड़क, बिजली के खंभे और तार में पेड़ गिरने की सूचना पर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया जिसमें आठों जोन से टीम और मुख्य कार्यालय से दो टीम को शहर में उतारा गया।
रात आठ बजे से शुरू हुआ अभियान दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। नगर निगम द्वारा लगभग 70 से अधिक स्थानों से गिरे हुए पेड़ों को हटाया गया,यें पेड़ सड़क,डिवाइडर और बिजली के तारों पर गिरे थे।
जनहानि की संभावित आशंका और ट्रैफिक समेत अन्य अवरोधों को देखते हुए तत्काल हटाने का कार्य शुरू किया गया। जिसमें रात भर में अधिकांश जगहों से पेड़ों को हटा लिया गया था,शेष को बुधवार को हटाने का कार्य किया गया।
इस कार्य में लगभग 10 जेसीबी,3 ट्री कटर वाहन समेत अन्य संसाधनों से नगर निगम ने सभी जोन के 8 और सेंट्रल से 2 टीम के साथ इस कार्य को अंजाम दिया।इसके अलावा आंधी तूफान में शहर में पेड़ पत्तियां और कचरा भी फैल गया था।
जिस पर त्वरित अमल करते हुए सुबह 5 बजे से सफाई की टीम शहर में सफाई कार्य में जुट गई थी। रात भर बिजली गुल और कई स्थानों में सुबह भी बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं होने से पानी की भी समस्या थी,जिसे देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी आपूर्ति की गई और बिजली व्यवस्था बहाल होने पर जरूरतमंद स्थानों पर पानी टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाई गई।





